विशेषज्ञों ने दिए जांच और परामर्श
JHANSI NEWS: विश्व हृदय दिवस के अवसर पर यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, ओरछा-झांसी ने हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एक हृदय जागरूकता विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया इस कार्यक्रम में अस्पताल की प्रबंधन टीम की उपस्थिति रही, जिसमें नितिन चौधरी (संस्थान निदेशक) व विकास कुमार (महाप्रबंधक) ने शिविर का शुभारंभ और निरीक्षण किया। उन्होंने कहा इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता में हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर स्वास्थ्य जांच के माध्यम से संभावित जोखिमों की पहचान करना । शिविर में उपस्थित डॉक्टरों डॉ राहुल रंजन, डॉ चन्दन, डॉ शशांक और स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों का रक्तचाप, शुगर, कोलेस्ट्रॉल और बीएमआई सहित हृदय से संबंधित कई आवश्यक परीक्षण किए। मरीजों को स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, धूम्रपान और शराब से परहेज, तनाव नियंत्रण तथा समय-समय पर हृदय जांच कराने की सलाह दी। हृदय रोगों के प्रारंभिक चेतावनी संकेतों और रोकथाम के उपायों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। वही डॉ राहुल रंजन ने बताया कि हृदय रोग वर्तमान में एक आम समस्या बन गए हैं। उन्होंने जोर दिया कि सही समय पर जांच, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित परामर्श से इन्हें नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और ऐसे स्वास्थ्य शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में भाग लिया और विभिन्न परीक्षणों का लाभ उठाया। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के माध्यम से जिले में हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया। शिविर में आभार अजीत सिंह कोहली व पृथ्वी ने व्यक्त किया।







