Home उत्तर प्रदेश मौसम बदलने से बढ़ा बीमारियों का खतरा, डॉक्टर ने दी सलाह

मौसम बदलने से बढ़ा बीमारियों का खतरा, डॉक्टर ने दी सलाह

FATEHPUR NEWS: जनपद मुख्यालय से नजदीक के तारापुर, बादलपुर और सहिली क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज गर्मी और धूप के बीच अचानक बारिश होने से उमस बढ़ गई है। इस मौसमी बदलाव से वायरस सक्रिय हो गए हैं। बच्चों और बुजुर्गों में बुखार, सर्दी, उल्टी और दस्त के मामले बढ़े हैं। साथ ही कमजोरी की शिकायत भी आ रही है। डॉक्टरों के मुताबिक बारिश के बाद निकलने वाली तेज धूप स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। जल जमाव वाले क्षेत्रों में बीमारियां फैलने का खतरा ज्यादा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरी ने बताया कि मनुष्यों में सामान्य वेक्टर-जनित रोगों में डेंगू बुखार, जापानी इंसेफेलाइटिस, मलेरिया, स्क्रब टाइफस और चित्तीदार बुखार (स्पॉटेड फीवर) शामिल हैं। वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए कई सुझाव दिए हैं। मच्छरों का प्रकोप सुबह और शाम के समय ज्यादा होता है। इस दौरान पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनें। रात को मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। घरों के कोनों में मच्छरनाशक दवाओं का छिड़काव करें। आसपास गंदगी न होने दें। पालतू जानवरों के रहने की जगह को नियमित साफ करें। इन सावधानियों से न सिर्फ इंसान बल्कि पालतू जानवर भी बीमारियों से बचे रहेंगे।