Home उत्तर प्रदेश मॉर्निंग वॉक पर निकले  अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

मॉर्निंग वॉक पर निकले  अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

MIRZAPUR NEWS: जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात में ग्राम प्रधान के पति एवं अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, छानबे क्षेत्र के देवरी गांव निवासी राजीव कुमार सिंह रोज की तरह सुबह टहलकर लौटे थे। इसके बाद वे कतवारू का पुरा स्थित सद्भावना नगर में अपने परिचित सुभाष मिश्रा के घर के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे और नजदीक से तमंचा सटाकर उनके सीने में गोली मार दी।
गोली लगते ही राजीव सिंह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में हमलावरों को वारदात के बाद भागते हुए देखा गया है। इस दौरान उनकी बाइक कुछ देर के लिए बंद हो गई, जिससे स्थानीय लोग उन्हें पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन हमलावरों ने तमंचा तानकर भीड़ को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चुनावी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। मृतक की पत्नी वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं, जबकि आरोपी भी उसी गांव से प्रधानी का चुनाव लड़ चुका है। करीब सात महीने पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना भी हुई थी। बताया गया कि दिसंबर 2025 में राजीव सिंह ने अपनी जान को खतरा बताते हुए अष्टभुजा चौकी में शिकायत दी थी, लेकिन उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। घटना की सूचना मिलते ही आयुक्त, डीआईजी, डीएम व एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम के दौरान अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद आला अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके निवास लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बाद में उनका अंतिम संस्कार शिवपुर घाट पर किया गया।