Home उत्तर प्रदेश मेट्रोमोनियल साइट के नाम पर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ाया

मेट्रोमोनियल साइट के नाम पर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ाया

फतेहपुर साइबर क्राइम पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में मोबाइल-सिम बरामद
FATEHPUR NEWS: साइबर क्राइम पुलिस थाना फतेहपुर ने मेट्रोमोनियल साइट के नाम पर शादी कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कंप्यूटर उपकरण बरामद किए हैं। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘uniquerishtey.com’ नामक वेबसाइट के माध्यम से शादी के इच्छुक युवक-युवतियों के मोबाइल नंबर हासिल करते थे। इसके बाद कॉल सेंटर के जरिए संपर्क कर अलग-अलग पैकेज का झांसा दिया जाता था और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे ट्रांसफर कराए जाते थे।
आरोपी व्हाट्सएप पर फर्जी फोटो भेजकर भरोसा जीतते थे और फिर बातचीत के नाम पर और अधिक रकम ऐंठ लेते थे। गिरोह पिछले करीब 18 महीनों से सक्रिय था और हजारों लोगों को अपना शिकार बना चुका है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में साइबर क्राइम टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना राधानगर क्षेत्र के एक किराए के मकान में चल रहे कॉल सेंटर पर छापा मारा। यहां से 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य यदु, अनिल कुमार, दिनेश कुमार बाजपेयी, नीलम, तनु शर्मा और श्रेया मिश्रा शामिल हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को शादी के नाम पर झांसा देकर उनसे ₹2,999 से लेकर ₹19,999 तक की रकम वसूलते थे। गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है और इसमें महिलाएं भी अहम भूमिका निभाती थीं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।