AURAIYA NEWS: जनपद के सहार थाना में तैनात थानाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, उनकी इस कार्यशैली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष कुर्सी के बजाय मेज पर बैठकर पैर के ऊपर पैर रख कर फरियादी की शिकायत सुनते और मोबाइल पर बात करते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कई लोगों ने पुलिस की गरिमा, वर्दी के अनुशासन और कार्यालयीन शिष्टाचार पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट में दावा किया गया कि थानाध्यक्ष का यह आचरण पुलिस सेवा की गरिमा के अनुरूप नहीं है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि हमारा अखबार नही करता है, और इस संबंध में पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद थाना सहार में तैनात एक पुलिसकर्मी नरेंद्र शर्मा के मोबाइल फोन से पत्रकार रोशन लाल राजपूत को फोन कर दबाव डालते हुए उनके बारे में जानकारी ली गई। इस घटनाक्रम को लेकर भी क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फरियादियों की शिकायत सुनते समय पुलिस अधिकारी का व्यवहार संयमित, मर्यादित और गरिमापूर्ण होना चाहिए। उनका आरोप है कि थानाध्यक्ष का मेज पर बैठकर फरियाद सुनना तथा मोबाइल पर व्यस्त रहना पुलिस की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। लोगों का कहना है कि सरकारी पुलिस थाने में फरियाद सुनते हैं या अपने निजी आवास पर साथ ही कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि फरियादियों के साथ उनका व्यवहार संतोषजनक नहीं रहता जो पुलिस मित्रता पर भी एक प्रश्न चिन्ह खड़ा होता है।







