अलियाबाद गांव पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात, कर्मचारी उत्पीड़न का लगाया आरोप
FATEHPUR NEWS: बीएलओ की मौत के मामले में समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश उत्तम पटेल अलियाबाद गांव पहुंचे और मृतक बीएलओ अखिलेश सविता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की। जानकारी के अनुसार सांसद नरेश उत्तम पटेल शुक्रवार को करीब 11:30 बजे अलियाबाद गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक बीएलओ अखिलेश सविता के परिजनों तथा उनके भाइयों भूपेश और मुकेश से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया। गौरतलब है कि मृतक बीएलओ की पुत्री की शादी 8 मार्च को होनी है, जिसे देखते हुए सांसद ने परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। वहीं सांसद ने मृतक की पुत्री से भी बातचीत करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाजवादी परिवार उनके साथ खड़ा है और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा। इस दौरान सांसद नरेश उत्तम पटेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कर्मचारियों पर अत्यधिक दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के काम का इतना दबाव है कि कर्मचारियों को अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों के लिए भी छुट्टी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी की बेटी की शादी है तो उसे तैयारी के लिए अवकाश मिलना चाहिए था। सांसद ने कहा कि बीएलओ अखिलेश सविता की आत्महत्या बेहद दुखद है और परिजनों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी तथा पुत्र को भी रोजगार देने की मांग की। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल ‘दयालू’ गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गणेश वर्मा, वरिष्ठ सपा नेता एवं पूर्व जिला महासचिव महेंद्र बहादुर सिंह ‘बच्चा’, डॉ. रामनरेश पटेल, कमलेश वर्मा, महंगू निषाद, प्रधान प्रमोद सिंह, पूर्व प्रधान रानू सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।







