अमौली ब्लॉक के कई गांव हुए जलमग्न
FATEHPUR NEWS: जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। ब्लॉक अमौली में सैकड़ों कच्चे मकान ढह गए हैं। बारिश का पानी घरों में घुस जाने से कई परिवारों को दूसरे घरों में शरण लेनी पड़ी है। अमौली ब्लॉक सहित आसपास के कई ग्रामीण इलाके पानी में डूब गये। तेज बरसात से निचले स्थानों में जमा पानी के कारण खेत, सड़कें और कई घरों में पानी घुस गया जिससे लोगों का रहन-सहन बाधित हो गया है। भारी बारिश और नदी-नालों के उफान के चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि तेज बारिश से पानी का स्तर और बढ़ गया और कई परिवारों को घरों से बाहर निकल कर ऊँचे या सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होना पड़ा। गांव की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। जगह-जगह जलभराव की स्थिति से विभिन्न बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। अमौली ब्लॉक के ग्राम हसनपुर देवरी के मजरे उडंगापुर, टरुवापुर बड़कू और राजेंद्र प्रसादपुर उर्फ कल्लू में कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भाजपा बूथ अध्यक्ष अजय पटेल ने बताया कि इतनी विनाशकारी बारिश उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि बारिश से खेती बर्बाद हो गई है। गरीब लोगों के घर अब सुरक्षित नहीं रहे हैं। घर-आंगन में पानी भर गया है। जलभराव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार अमौली ब्लॉक के कई गांवों में कई छोटे-नाले और निचले बस्तियों में पानी घर की मंज़िलों तक पहुँचा हुआ है, खेतों में खड़ी फसलें डूब गयीं हैं और विभिन्न स्थानों पर घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। सबसे अधिक समस्या किसानों को झेलनी पड़ी — लगी हुई फसलें पानी में तैरती मिलीं और निचली जल निकासी न होने से फसल नष्ट होने का खतरा बढ़ गया है।







