पुल नहीं तो भूख हड़ताल जारी है: ब्रजभूषण
SAHARANPUR NEWS: बेहट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मूर्तजापुर में युवा एकता सेवा समिति संगठन के नेतृत्व में पांच लोग अपनी मांगों को लेकर पिछले तीन दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। अनशनकारियों का आरोप है कि उनकी समस्याओं के संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आमरण अनशन पर बैठे लोगों में युवा एकता सेवा समिति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आशीष सैनी, समय सिंह सैनी, ब्रजभूषण सैनी, काशीराम सैनी एवं खड़ंक सिंह शामिल हैं। अनशनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों के अनुसार अनशन को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है। अनशन स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने की मांग की है। अनशनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी जारी रही और किसी प्रकार की अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। क्षेत्रवासियों ने भी जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जल्द समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है।







