कारी फरीदुद्दीन के निधन के बाद भरा गया पद
FATEHPUR NEWS: काजी-ए-शहर कारी फरीदुद्दीन के निधन के बाद शहर के नए काजी के चयन को लेकर शुक्रवार को पनी मोहल्ला स्थित मस्जिद बंदगी मियां में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के तमाम उलमा की उपस्थिति में अबूनगर निवासी मुफ्ती शहाबुद्दीन को सर्वसम्मति से नया काजी-ए-शहर चुना गया। बैठक के दौरान इस अहम जिम्मेदारी के लिए विभिन्न नामों पर चर्चा के बाद उलमा ने सर्वसम्मति से मुफ्ती शहाबुद्दीन के नाम पर सहमति जताई। उनके चयन की घोषणा होते ही उपस्थित लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर मौजूद उलमा और गणमान्य लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि काजी-ए-शहर का पद अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरा होता है, जो समाज को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभाता है। उपस्थित लोगों ने आशा जताई कि मुफ्ती शहाबुद्दीन अपने ज्ञान, अनुभव और सूझबूझ के बल पर इस जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और मार्गदर्शन का कार्य करेंगे। बैठक में शहर के कई प्रमुख उलमा और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने नए काजी-ए-शहर को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।







