SAHARANPUR NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर आगमन के अवसर पर सरसावा नगर मंडल अध्यक्ष सागर चौधरी ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए नगर की जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को उनके समक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने एक पांच सूत्रीय मांग पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा, जिसमें नगर हित की अहम समस्याएं और आवश्यक विकास कार्यों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया। सागर चौधरी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सरसावा नगर को लंबे समय से एक बस स्टैंड की आवश्यकता है, जिससे नगरवासियों और ग्रामीण अंचलों को सुविधा मिल सके। इसके साथ ही सरसावा-सहारनपुर मार्ग पर बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या का उल्लेख करते हुए शीघ्र जांच और ठोस कार्यवाही की मांग की गई। मांग पत्र में सरसावा सत्संग भवन मंदिर के विकास हेतु धनराशि उपलब्ध कराने का निवेदन भी शामिल था। जिससे धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल सके। इसके अतिरिक्त सरसावा एयरपोर्ट तिराहा का नाम भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा गया — जो क्षेत्र की राजनीतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अंतिम बिंदु में सागर चौधरी ने सरसावा से बिन्नाखेड़ी मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता को रेखांकित किया, क्योंकि यह मार्ग 50 से अधिक गांवों को जोड़ता है और ग्रामीण आवागमन की रीढ़ है। नगर मंडल अध्यक्ष ने आशा जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन जनहित से जुड़ी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिनिधिमंडल को समय दिए जाने पर हृदय से आभार व्यक्त किया।







