तहसीलदार नेहा सचान को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस जिलाध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता
ETAWA NEWS: वाराणसी में जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राज के नेतृत्व में निकाली गई शांति पूर्ण पदयात्रा पर प्रदेश सरकार के इशारे पर दर्ज कराए गए मुकदमे के विरोध में कांग्रेसियों ने सोमवार को आक्रोश जताया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में पहुंचकर महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार नेहा सचान को सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों का प्रमुख कर्तव्य जनता की समस्याओं को उजागर कर सरकार का ध्यान आकृष्ट करना है, लेकिन प्रदेश सरकार विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अजय राज के नेतृत्व में वाराणसी में जलभराव, ध्वस्त सीवर लाइन, पीड़ित, दुकानदारों की दुर्दशा,रोपवे निर्माण में लापरवाही और कांवड़ यात्रियों को जाम से हो रही परेशानी के मुद्दों को लेकर पदयात्रा निकाली गई थी। कांग्रेसियों का आरोप है कि इस शांतिपूर्ण पदयात्रा को दबाने के लिए प्रदेश सरकार के दबाव में वाराणसी के सिंगरा थाने में अजय राज, पूर्व मंत्री और अन्य दस कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ 10 जुलाई को झूठा और निराधार मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि इस फर्जी एफआईआर को तत्काल रद्द कराने के लिए प्रदेश सरकार को निर्देशित किया जाए। साथ ही श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध करने के आदेश भी दिए जाएं। ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, आलोक यादव, सतीश नागर, सिद्धनाथ यादव, प्रदीप द्विवेदी, तुलसीदास, राहुल दीक्षित, लालमन, बलवीर, रामनरेश, रविंद्र कुमार, गंभीर सिंह, अमन तिवारी और बृजकिशोर आदि शामिल रहे।







