मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित की कार्यवाही से बाजार में मचा हड़कंप
FATEHPUR NEWS: जिले में एफएसएसएआई (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) के दिशा-निर्देशों के बावजूद धड़ल्ले से बिक रहे एनर्जी ड्रिंक को लेकर प्रकाशित मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शहर के विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कैंपा ‘पावर अप’ एनर्जी ड्रिंक का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के दौरान कई अन्य शीतल पेय एवं बेवरेज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि समेत अन्य आवश्यक मानकों की जांच की। संदिग्ध पाए गए उत्पादों के नमूने भी परीक्षण के लिए सुरक्षित किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से जिले के एनर्जी ड्रिंक विक्रेताओं और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों पर रखे उत्पादों के दस्तावेज और गुणवत्ता संबंधी रिकॉर्ड व्यवस्थित करते नजर आए, जबकि कुछ व्यापारियों ने जांच के दौरान विभागीय अधिकारियों को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित ने बताया कि मीडिया में सामने आई खबरों के आधार पर मामले को गंभीरता से लिया गया है। जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन उत्पादों के नमूने लिए गए हैं, उन्हें जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी उत्पाद में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित निर्माता, वितरक अथवा विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानक गुणवत्ता वाले खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से जिले में समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की जांच की जाती है। आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई के बाद खाद्य एवं पेय पदार्थों के कारोबारियों में सतर्कता बढ़ गई है। वहीं आम लोगों ने भी खाद्य सुरक्षा विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए मिलावटी एवं मानकविहीन खाद्य उत्पादों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।







