FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में ‘मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2)’ के तहत मंगलवार को जनपद के सभी थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटीरोमियो टीमों द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना स्तर पर ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया गया और उनकी समस्याओं को सुनते हुए त्वरित व विधिसम्मत निस्तारण के लिए जागरूक किया गया। अभियान के तहत टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी देते हुए इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। पुलिस विभाग द्वारा चलाया गया यह अभियान महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।







