Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी सम्मेलन का भव्य आयोजन

मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी सम्मेलन का भव्य आयोजन

महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी
FATEHPUR NEWS:  महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जनपद फतेहपुर में “बहू-बेटी सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों और अभिभावकों ने सहभागिता की।
सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं व बालिकाओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नारी सशक्तिकरण, दहेज मृत्यु, अपहरण जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में शक्ति दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं के सहयोग से गांवों व स्कूलों में संवाद स्थापित कर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मरक्षा, सरकारी योजनाओं तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को अपराध के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही सामाजिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। इस तरह के आयोजनों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक हो रही हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा और गति मिल रही है।