Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

JAUNPUR NEWS:  महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जौनपुर पुलिस ने जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौश्तुभ के निर्देशन में थाना स्तर पर गठित मिशन शक्ति टीमों और एंटी रोमियो स्क्वॉड ने कस्बों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। महिला पुलिसकर्मियों ने सीधे संवाद के जरिए बताया कि किसी भी असुविधा या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं तुरंत पुलिस से संपर्क करें। अभियान के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत योजना जैसी लाभकारी सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपात सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और स्वास्थ्य सेवा 102 जैसे हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए।