JAUNPUR NEWS: मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में आज क्षेत्राधिकारी सदर परमानन्द कुशवाहा ने थाना सरायख्वाजा क्षेत्र में स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को उनके मौलिक अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सीओ सदर ने बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181, 1098 आदि के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क करना चाहिए। उन्होंने मिशन शक्ति के तहत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी छात्राओं को दी और कहा कि महिला सुरक्षा व सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान परमानन्द कुशवाहा ने छात्राओं में मिशन शक्ति पम्पलेट भी वितरित किए और उन्हें आत्मनिर्भर व आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा और जागरूकता ही महिलाओं को हर क्षेत्र में मजबूत बनाएगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं ने भी मिशन शक्ति अभियान का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल बताया।







