Home उत्तर प्रदेश मिशन मजनू’ के तहत छात्राओं को सिखाए गए साइबर सुरक्षा और गुड-बैड...

मिशन मजनू’ के तहत छात्राओं को सिखाए गए साइबर सुरक्षा और गुड-बैड टच के सबक, हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

SIDHARTHNAGAR NEWS: मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण अभियान के अंतर्गत ‘मिशन मजनू’ के तहत थाना ढेबरुआ की मिशन शक्ति टीम द्वारा उच्च प्राथमिक विद्यालय शिशवा शिवभारी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद व क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला अपराधों से बचाव और गुड-बैड टच के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में मिशन शक्ति 5.0 के पोस्टर व स्टीकर भी लगाए गए, ताकि बालिकाओं को सुरक्षात्मक उपायों की निरंतर जानकारी मिलती रहे। जागरूकता के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेल स्थापित किए गए हैं, जहाँ महिलाएँ और बालिकाएँ बिना किसी झिझक के अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों के लिए जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड केयर लाइन), 108 (एंबुलेंस), 101 (अग्निशमन), 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) सहित नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर थाना ढेबरुआ की मिशन शक्ति टीम के उपनिरीक्षक सोमनाथ शर्मा, कांस्टेबल जितेंद्र राजभर और रिक्रूट महिला कांस्टेबल लक्ष्मी उपस्थित रहीं।