OCDUP की प्रांतीय बैठक में सरकारी नीतियों व कंपनियों की मनमानी पर मंथन
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) प्रदेश के दवा कारोबारियों के हितों की रक्षा को लेकर ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स ऑफ उत्तर प्रदेश (OCDUP) ने मिर्जापुर की धरती से अपनी आवाज बुलंद की। पंचतला रिसॉर्ट में रविवार को आयोजित प्रांतीय बैठक में उत्तर प्रदेश के 58 जनपदों से दवा व्यवसायी प्रतिनिधियों व पदाधिकारियों का जमावड़ा हुआ। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर गहन चर्चा के साथ समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई। बैठक में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के राष्ट्रीय महामंत्री राजीव सिंघल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। OCDUP के प्रांतीय अध्यक्ष दिवाकर सिंह, महामंत्री सुधीर अग्रवाल सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
समस्याओं पर खुलकर चर्चा
बैठक में दवा कारोबारियों के सामने आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को प्रमुखता दी गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश द्वारा जारी नए सरकारी आदेशों से हो रहे आर्थिक व मानसिक उत्पीड़न, दवा लाइसेंस प्रणाली को सरल-पारदर्शी व समयबद्ध बनाने, ओएनडीएलएस/डिजिटल पोर्टल से जुड़ी समस्याएं, फार्मा कंपनियों की मनमानी, एक्सपायरी-ब्रेकेज में बैच मिलान की व्यवस्था तथा युवा व्यापारियों की चुनौतियों पर विस्तार से मंथन हुआ। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन जायज मांगों को अब मजबूती से संबंधित विभागों व शासन के समक्ष रखा जाएगा।
एकजुटता संगठन की सबसे बड़ी ताकत
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेशभर के दवा व्यापारी एकजुट होकर अपनी समस्याओं को उठाएंगे। 58 जनपदों से आए प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने संगठन की व्यापकता और एकजुटता का संदेश दिया। “व्यापार हित हमारा संकल्प, संगठन हमारी शक्ति” का नारा गूंजा।
मिर्जापुर को मिली जिम्मेदारी, सफल मेजबानी
मेजबान दवा विक्रेता समिति, मिर्जापुर के अध्यक्ष प्रमोद कुमार द्विवेदी ने कहा कि प्रांतीय बैठक की मेजबानी पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। समिति के महामंत्री पंकज केसरी, उपाध्यक्ष रणजीत मौर्य, कोषाध्यक्ष सुशील कुमार, सचिव संजय कुमार गुप्ता, उपसचिव बी.पी. सिंह, संगठन मंत्री जयप्रकाश सेठ तथा अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी जिला मीडिया प्रभारी एवं व्होलसेल ट्रेड एडवाइजर बृजेश्वर सिंह ने संभाली। समिति ने सभी प्रतिनिधियों, राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों तथा सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। मिर्जापुर की इस बैठक ने एक बार फिर साबित किया कि प्रदेश का दवा व्यापारी वर्ग संगठित है और अपने हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से संबंधित मंचों तक पहुंचाने के लिए तैयार है।







