50 हजार का इनाम था,मारने के बाद लटका दिया था
LAKHIMPUR KHERI NEWS: मैगलगंज पुलिस ने मां की हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 17 फरवरी को अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था।पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मितौली के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मैगलगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वांछित आरोपी योगेश उर्फ नन्हे पुत्र रमेश कुमार को औरंगाबाद चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। योगेश दीक्षितपुर, थाना मैगलगंज का निवासी है। पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी को रमेश कुमार ने सूचना दी थी कि उनकी पत्नी उर्मिला देवी (58) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उर्मिला देवी की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद 18 फरवरी को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि बेटे योगेश उर्फ नन्हे ने अपनी पहली पत्नी के घर न आने से नाराज होकर मां के साथ मारपीट की और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। बाद में उसने शव को साड़ी से गले में बांधकर कमरे में पंखे से लटका दिया, ताकि इसे आत्महत्या का मामला दिखाया जा सके।पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 82/2026 धारा 103(1)/238(1)/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। काफी प्रयासों के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश कर दिया है। आरोपी योगेश के खिलाफ पूर्व में भी हत्या के प्रयास और मारपीट सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।







