Home उत्तर प्रदेश माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में तीन अधिकारियों को दी गई ससम्मान विदाई

माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में तीन अधिकारियों को दी गई ससम्मान विदाई

MIRZAPUR NEWS: माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में बुधवार को एक सादे किंतु गरिमामय विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक महेंद्र कुमार, सहायक कुलसचिव प्रेमचंद एवं सत्येंद्र अग्रवाल का अन्यत्र विश्वविद्यालय में स्थानांतरण होने पर उन्हें ससम्मान विदाई दी गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने की। उन्होंने तीनों अधिकारियों को शाल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामना संदेश के साथ विदाई दी। अपने संबोधन में कुलपति महोदया ने कहा कि महेंद्र कुमार, प्रेमचंद तथा सत्येंद्र अग्रवाल ने अपने कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, परीक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ किया, जिससे विश्वविद्यालय को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने में सहयोग मिला।

कुलपति ने यह भी कहा कि स्थानांतरण शासकीय सेवा का एक स्वाभाविक अंग है, किंतु अपने कार्य और व्यवहार से जो सकारात्मक छाप अधिकारी छोड़ जाते हैं, वह सदैव स्मरणीय रहती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तीनों अधिकारी अपने नवीन कार्यस्थल पर भी इसी लगन और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे। विदाई कार्यक्रम में उपस्थित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण ने भी अपने-अपने अनुभव साझा किए। सभी वक्ताओं ने तीनों अधिकारियों के सौहार्दपूर्ण व्यवहार, सहयोगात्मक दृष्टिकोण एवं कार्यकुशलता की सराहना की तथा उनके साथ बिताए गए कार्यकाल को स्मरण करते हुए भावुक क्षण भी देखने को मिले। कार्यक्रम के अंत में सभी ने तीनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर नवनियुक्त परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद्र, वित्त अधिकारी गिरीश कुमार, राजकीय महाविद्यालय उमरिया के प्राचार्य प्रो. सूबेदार यादव, प्रो. देवेन्द्र पाण्डेय, प्रो. गौरी शंकर द्विवेदी, प्रो. रंजन कुमार काशी विद्यापीठ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।