Home उत्तर प्रदेश महिलाओं की भागीदारी से सशक्त होगा संगठन और आत्मनिर्भर बनेगा भारत -धर्मपाल...

महिलाओं की भागीदारी से सशक्त होगा संगठन और आत्मनिर्भर बनेगा भारत -धर्मपाल सिंह प्रदेश महामंत्री संगठन भाजपा

110
0

प्रयागराज, 12 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को यमुनापार स्थित नैनी अभिनन्दन पैलेस में आयोजित आत्मनिर्भर भारत अभियान-काशी क्षेत्र कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही संगठन सशक्त होगा और देश आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं घर की नींव भी हैं और राष्ट्र की धुरी भी। मातृशक्ति की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी से ही अन्त्योदय की अवधारणा मूर्त रूप लेगी। प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को नेतृत्व का मार्ग मिला है। संगठन में महिलाओं की जिम्मेदारी और भागीदारी बढ़े, इसके लिए बड़ी संख्या में महिला नेतृत्व तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, शौचालय, हर घर नल से जल, मुद्रा योजना, जनधन जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन को सुगम, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाया है।
संगठन स्तर पर महिलाओं की भूमिका को व्यापक और प्रभावी बनाना आवश्यक है। बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक महिला कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय कर संवाद की श्रृंखला स्थापित की जानी चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जनआन्दोलन बनेगा और भारत स्वदेशी के मंत्र से स्वाभिमानी व आत्मनिर्भर बनकर विश्व का नेतृत्व करेगा। विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल, यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं का समर्पण ही संगठन की रीढ़ है, आत्मनिर्भर भारत का वास्तविक स्वरूप तभी संभव है जब मातृशक्ति हर क्षेत्र में नेतृत्व करे। कार्यक्रम की अध्यक्षता काशी क्षेत्र महिला मोर्चा अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने की तथा संचालन प्रदेश महामंत्री कृतिका अग्रवाल ने किया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यशाला में यमुनापार महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सविता शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।