FATEHPUR NEWS: दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में महिला पत्रकारों के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और दुर्व्यवहार के विरोध में फतेहपुर के पत्रकारों में रोष व्याप्त है। शनिवार को लखनऊ जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एलजेए) जिला इकाई फतेहपुर की ओर से जिला अध्यक्ष प्रभाकर पाण्डेय के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी हथगांव के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में महिला पत्रकारों के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए इसे गंभीर और चिंताजनक बताया गया। पत्रकारों ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार जनसमस्याओं व सामाजिक मुद्दों को जनता के सामने लाने का कार्य करते हैं। समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ मारपीट, अभद्रता और उत्पीड़न पत्रकारिता की स्वतंत्रता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खतरा है। एलजेए ने मांग की है कि दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र के इस प्रकरण में कथित रूप से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा स्वतंत्र जांच एजेंसी से कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में विशेष रूप से महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई। पत्रकारों ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पत्रकार समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ पत्रकार रमेश प्रसाद गुप्ता, शिवशरण बंधु, राकेश साहू, कृष्ण गोपाल साहू, शैलेश चंद्र साहू, देवेंद्र कुमार सोनी सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।







