Home आस्था महाशिवरात्रि को लेकर तांबेश्वर मंदिर में विशेष तैयारियां, मेला प्रबंधन जुटा सजावट...

महाशिवरात्रि को लेकर तांबेश्वर मंदिर में विशेष तैयारियां, मेला प्रबंधन जुटा सजावट व सुरक्षा व्यवस्था में

FATEHPUR NEWS:  सिद्ध पीठ तांबेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सजावट और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। मेला प्रबंधन एवं कमेटी द्वारा पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है, साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर में विद्युत सज्जा, फूलों की सजावट, रंग-बिरंगी लाइटिंग और प्रवेश व निकास मार्गों को सुव्यवस्थित किया जा रहा है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और स्वयंसेवकों की तैनाती की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस मौके पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मुखलाल पाल एवं मेला प्रभारी विजय शंकर शुक्ला ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंदिर प्रबंधक सुधांशु श्रीवास्तव ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार एवं स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई है। व्यवस्था विशेष के तहत संजय पांडेय, सावन गुप्ता, अनुभव, आकाश पांडेय, राजू पाल, अवनीश मौर्य, विनोद गौतम शुक्ला, अमन पाल सहित अन्य लोग भी तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे रहे। सभी लोग मिलकर मंदिर परिसर को भव्य रूप देने और श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने में लगे हुए हैं। मेला प्रबंधन कमेटी ने अपील की है कि श्रद्धालु अनुशासन बनाए रखें, सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि महाशिवरात्रि पर्व शांति, श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो सके।