प्रयागराज। 25 फरवरी 2026 को महबूब अली इंटर कॉलेज में प्रतिष्ठित संस्था अक्षर फाउंडेशन के तत्वावधान में छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी सामग्री एवं स्कूल बैग का वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता शिवेंद्र सिंह ने बच्चों को अपने हाथों से बैग एवं स्टेशनरी वितरित की।
इस अवसर पर शिवेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संस्कार युक्त शिक्षा ग्रहण करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद भोला तिवारी ने बच्चों को सुसंस्कृत जीवन शैली अपनाने और उज्ज्वल भविष्य के लिए परिश्रम करने की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य खुर्शीद अनवर ने विद्यार्थियों को अपने सामाजिक जीवन में दया, परोपकार और मधुर वाणी का महत्व समझाया।
समारोह में प्रयागराज के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता विजय बहादुर सिंह, नवीन पाठक, वसीम अहमद, मोहम्मद हरीश, प्रभाकर मिश्र, चंदन यादव एवं अबुल कलाम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
संस्था की ओर से चॉकलेट, स्टेशनरी और बैग प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।







