प्रयागराज। रमजान उल मुबारक का पाक महीना रहमतों और बरकतों का महीना माना जाता है। इस महीने के पहले अशरे को रहमत का अशरा कहा जाता है, जिसमें इबादत, रोजा, तरावीह और कुरआन पाक की तिलावत का विशेष महत्व होता है। इसी क्रम में करेली क्षेत्र के अशब नगर, ऐनुद्दीनपुर स्थित मस्जिद अबू उबैदा रजि अल्लाहु तआला अन्हु में रमजान के पहले अशरे के दौरान तरावीह की नमाज में कुरआन पाक मुकम्मल किया गया।
यह कार्यक्रम नवास-ए-असहाबे मिल्लत हजरत मौलाना आमिर मियां सफवी मिस्बाही साहब की सरपरस्ती में संपन्न हुआ। तरावीह में कुरआन पाक सुनाने के लिए हाफिज अरशद साहब किबला को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने दस दिनों में मुकम्मल कुरआन पाक सुनाकर तरावीह पूरी कराई।
इस अवसर पर मस्जिद के इमाम मौलाना गुफरान साहब कबिला, मौलाना मिन्हाज साहब कबिला, मोअज्जिन हाफिज ओवैस साहब कबिला, एडवोकेट मोहम्मद अकदस साहब, मोहम्मद राशिद साहब सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के सम्मानित लोग और नमाजी मौजूद रहे। रमजान के पहले अशरे में कुरआन मुकम्मल होने की खुशी में नमाजियों ने अल्लाह का शुक्र अदा किया। कार्यक्रम के अंत में हजरत मौलाना आमिर मियां सफवी मिस्बाही साहब ने मुल्क और उम्मत की सलामती, अमन-चैन और खुशहाली के लिए खास दुआ कराई। दुआ के साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ। रमजान के इस मुबारक मौके पर मस्जिद में इबादत करने वालों की अच्छी खासी तादाद देखने को मिली और माहौल पूरी तरह इबादत और रूहानियत से भर गया।







