CHANDAULI NEWS: समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को ग्राम घमहा स्थित मृतक मनीष सिंह के घर पहुंचा। सहयोगी दल नेशनल इक्वल पार्टी के संयोजक शशिप्रताप सिंह भी अपने नेताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिले। सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि मुख्य आरोपियों का सरेंडर कराया गया तो इसे प्रशासन की मिलीभगत समझा जाएगा। सरकार तत्काल अपराधियों का एनकाउंटर करे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के दो कैबिनेट मंत्रियों का संरक्षण प्राप्त होने के कारण 8 दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य मुजरिम पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।शशिप्रताप सिंह ने मांग की कि दरिंदों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से तत्काल फांसी दी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्य मुजरिम को पकड़ने में हीलाहवाली कर रही है। यह सरकार अपराध रोकने और अपराधी पकड़ने में फेल है। मुख्यमंत्री की कथनी और करनी में फर्क है। राजनीतिक वोट के लिए मृत मनीष कुमार की आत्मा के साथ मजाक किया जा रहा है। बुलडोजर कहां खराब हो गया है? मनीष कुमार की पत्नी को सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए और अपराधियों को कम से कम फांसी की सजा होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, पूजा यादव, लालाबाबू सोनकर, पूर्व विधायक उदयलाल मौर्या, आकाश मौर्या, बाबूलाल यादव, पूर्व प्रमुख रामबालक पटेल, दयाशंकर सिंह, सोनू लाल आदि सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।







