ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के औचक निरीक्षण में खुली अनियमितताएं, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
JAUNPUR NEWS: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के मडियाहूं विद्युत उपकेंद्र के औचक निरीक्षण के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता (जेई) के अनुपस्थित मिलने और कार्यालय में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने जेई शहजाद अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं संबंधित उपखंड अधिकारी सौरभ तिवारी को भी कारण बताओ नोटिस के साथ चार्जशीट जारी की गई है।
ऊर्जा मंत्री के निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई महत्वपूर्ण अभिलेख और लॉगशीट सही ढंग से भरे नहीं गए थे तथा जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। इस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्युत विभाग जनसेवा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विभाग है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई तय है। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही से जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करते रहने के भी निर्देश दिए गए।
Home उत्तर प्रदेश मडियाहूं विद्युत उपकेंद्र में बड़ी कार्रवाई: निरीक्षण के बाद जेई निलंबित, एसडीओ...







