MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के मीरजापुर आगमन पर अष्टभुजा डाक बंगला आयोजित कार्यक्रम के दौरान मड़िहान तहसील को एक बड़ी सौगात मिली। मंत्री ने मड़िहान क्षेत्र में 765 केवीए का विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की स्वीकृति की घोषणा की, जिसकी अनुमानित लागत लगभग ₹2000 करोड़ बताई जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल जब ऊर्जा मंत्री थे,तब उन्होंने मीरजापुर के सदर तहसील के सागर सेमर ग्राम में 200 केवीए तथा मड़िहान तहसील में 400 केवीए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा था। जिसका पहल विधायक ने मुख्यमंत्री से कई बार किया था।
कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आज़ादी के बाद उत्तर प्रदेश में अब तक केवल तीन 765 केवीए के विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए गए हैं,और चौथा उपकेंद्र मड़िहान में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ कराया जाएगा,जिससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं ऊर्जा मंत्री का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना से मड़िहान क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। विधायक के नेतृत्व में मड़िहान विधानसभा निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है।







