Home उत्तर प्रदेश मटटन नाले में समाए मासूम का शव बरामद, विधायक मोना ने जताया...

मटटन नाले में समाए मासूम का शव बरामद, विधायक मोना ने जताया दुख

PRATAPGARH NEWS: उदयपुर क्षेत्र से गुजरे मटटन नाले में नहाने गये भाई बहन गहरे पानी में समा गये। खोजबीन के दौरान दूसरे दिन मंगलवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे मासूम राम सिंह का शव सांगीपुर थाना क्षेत्र के बनियानार घाट थरिया में नदी किनारे झाड़ी में फंसा उतराया मिला। ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं ग्रामीणों के मुताबिक मासूम का शव मवेशियों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पंचनामा कर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। इधर मटटन नाले में भाई बहन के समा जाने की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना ने जिला एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता की। विधायक मोना ने अधिकारियों से प्रभावित परिवार के साथ हर सम्भव मदद के लिए सभी उपाय किये जाने को कहा। वहीं दूसरे दिन मासूम का शव मिलने पर विधायक मोना व सांसद प्रमोद तिवारी ने घटना पर गहरा दुख भी जताया है। वहीं गहरे पानी में समायी मासूम की बहन की खोजबीन में स्थानीय व प्रयागराज से आये गोताखोर जुटे दिखे। समाचार भेजे जाने तक तलाश जारी दिखी। उदयपुर थाना क्षेत्र के गाड़ी दर्रा निवासी अरविंद सिंह के सात वर्षीय पुत्र रामसिंह व तेरह वर्षीया पुत्री आईशा सिंह उर्फ महक गांव के तीन अन्य बच्चों के साथ सोमवार की सुबह दुल्लापुर घाट स्थित मटटन नाला में नहाने पहुंचे थे। यहां मटटन नाले में नहाने के दौरान अचानक रामसिंह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने में उसकी बहन महक भी गहरी पानी में समा गयी। भाई बहन को गहरे पानी में डूबते देख अन्य तीन बच्चे पानी से निकलकर भागते हुए गांव पहुंचे और जानकारी दी। जानकारी होते ही परिजन व ग्रामीण भागकर मटटन नाला पहुंचे और नाले में समाए बच्चों की खोजबीन में जुट गये। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू की। सीओ राजीव द्विवेदी का कहना है कि मटटन नाले मे समाए भाई के शव की बरामदगी हुई है, वहीं उसकी बहन की तलाश में गोताखोर जुटे हैं।