SIDHARTHNAGAR NEWS: पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को बढ़नी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन भवन के सौंदर्यीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया के सुधार और यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण व विस्तारीकरण की प्रगति की समीक्षा की। मंडल रेल प्रबंधक ने निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यात्रियों को जल्द से जल्द इन आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के बारे में भी जानकारी ली। मंडल रेल प्रबंधक का यह दौरा संरक्षा निरीक्षण का हिस्सा था, जिसके तहत उन्होंने गोंडा-बढ़नी रेलखंड का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में उनके साथ वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/सा., वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/परिचालन सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।







