DEHLI NEWS: कोहरे और ठिठुरन की परवाह किये बिना ‘चौधरी चरण सिंह अमर रहें के उद्घोष से वातावरण को गुंजाते-गरमाते हजारों किसान भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयन्ती, ‘किसान दिवस’ पर उनके समाधि स्थल ‘किसान घाट’ पर पहुँचे। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री जयन्त चौधरी ने अपने परिजनों एवं पार्टी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ चौधरी साहब की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। बागपत के सांसद डा० राजकुमार सांगवान, बिजनौर के सांसद चन्दन चौहान, पार्टी उपाध्यक्ष डा० यशवीर सिंह, पूर्व सांसद एवं पार्टी महासचिव मुंशीराम तथा मलूक नागर, रालोद के संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पी०के० सिंह, रालोद के पूर्व विधायक वीरपाल राठी एवं साहब सिंह, रालोद दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष रजनीश मलिक पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भी किसान मसीहा की’ समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस वर्ष पर्यावरण चिंताओं को दृष्टिगत रखते हुए तथा राजधानी में ग्रेप-IV लागू होने के चलते समाधि-स्थल पर शांति पाठ एवं भक्ति संगीत का आयोजन हुआ। शांति पाठ में जयन्त चौधरी, उनके परिजनों एवं चौधरी साहब के सैकड़ों अनुयायियों ने भाग लिया। संसद के केन्द्रीय कक्ष में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला, केन्द्रीय मंत्रियों तथा विभिन्न दलों के सांसदों सहित जयन्त चौधरी एवं चारु सिंह ने चौधरी चरण सिंह जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।







