FATEHPUR NEWS: भिटारी गांव के पास शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके मौसा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हुसैनगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार गोबिंदपुर गांव निवासी रामखेलावन निषाद अपनी साढ़ू की पुत्री लक्ष्मी देवी (16) को मोटरसाइकिल से भाखूआ गांव लेकर जा रहे थे। लक्ष्मी होली की छुट्टियों में अपनी मौसी के घर जा रही थी। बताया जा रहा है कि डलमऊ की ओर से फतेहपुर आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. उत्कर्ष यादव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं रामखेलावन निषाद को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। मृतका के पिता महावीर उर्फ कल्लू मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मां बुदवा देवी और भाई मुकेश कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।







