SIDHARTHNAGAR NEWS: सिद्धार्थनगर पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल एसएसबी और कस्टम विभाग के साथ मिलकर भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने ₹10,30,000/- (दस लाख तीस हजार रुपये) नेपाली करेंसी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद की गई रकम और बाइक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर, डॉ. अभिषेक महाजन के सख्त आदेशों, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर मयंक द्विवेदी के कुशल पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष मोहाना के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 24 जुलाई 2025 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत, थाना मोहाना पुलिस, एसएसबी और कस्टम की संयुक्त टीम ने ककरहवा बांध के पिलर संख्या 544 पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी चेकिंग के दौरान, टीम को यह बड़ी सफलता हाथ लगी। बरामदगी करने वाली टीम में सीमा शुल्क इकाई ककरहवा के निरीक्षक संजीव कुमार, पुलिस चौकी ककरहवा के मुख्य आरक्षी उमेश कुमार और मुख्य आरक्षी आत्मानंद यादव शामिल थे। इसके अतिरिक्त, एसएसबी ककरहवा टीम से मुख्य आरक्षी राजेश रविंद्रण, आरक्षी शेखर कुमार यादव, अनिल कुमार यादव, नवीन यादव और दिलीप चौधरी भी इस अभियान में मौजूद रहे। इस बरामदगी को भारत-नेपाल सीमा पर हो रही अवैध तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सीमा सुरक्षा को मजबूत करेगा। पुलिस का कहना है कि तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।







