FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिला अध्यक्ष नवल सिंह पटेल के नेतृत्व में नहर कॉलोनी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसके उपरांत किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर महामहिम राष्ट्रपति, भारत सरकार, नई दिल्ली को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में भाकियू ने केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की जा रही भारत-अमेरिका ट्रेड डील का कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य खेती, उद्योग, सेवाओं और राष्ट्रीय संसाधनों पर कॉरपोरेट नियंत्रण को सुनिश्चित करना है, जो किसानों और आम जनता के हितों के खिलाफ है। संगठन ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि इस ट्रेड डील को रद्द कराया जाए अथवा इसमें से कृषि से संबंधित प्रावधानों को पूरी तरह हटाया जाए। किसान नेताओं ने कहा कि प्रस्तावित बीज विधेयक पूरी तरह निजी बीज उद्योगों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जिसमें किसानों की आजीविका, परंपरागत बीज संरक्षण और खाद्य सुरक्षा जैसी गंभीर चिंताओं की अनदेखी की गई है। उन्होंने बीज विधेयक को वापस लेने की मांग की। साथ ही बीजों की कीमतों के अनिवार्य पंजीयन को भी छोटे किसानों के लिए जटिल बताते हुए कहा कि इससे बड़ी बीज कंपनियों को बाजार पर नियंत्रण मिल जाएगा, जो किसान हितों के लिए घातक है। ज्ञापन में विद्युत विधेयक 2025 के मसौदे का भी विरोध किया गया। भाकियू ने कहा कि यह विधेयक बिजली क्षेत्र के निजीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे भविष्य में किसानों और आम उपभोक्ताओं को महंगी बिजली का सामना करना पड़ेगा। संगठन ने इस विधेयक को पूरी तरह वापस लेने की मांग की है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में धान खरीद को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। किसान नेताओं ने कहा कि राज्य में धान खरीद का निर्धारित लक्ष्य समाप्त हो चुका है, जबकि बड़ी संख्या में किसान अभी भी सरकारी क्रय केंद्रों पर अपनी फसल बेचने के लिए इंतजार कर रहे हैं। भाकियू ने मांग की कि केंद्र सरकार से उत्तर प्रदेश के लिए धान खरीद का नया लक्ष्य तय कराया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो भारतीय किसान यूनियन प्रदेश स्तर पर व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगी। संगठन ने साफ कहा कि खेती को कॉरपोरेट के हवाले नहीं होने दिया जाएगा और किसानों के अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर जारी रहेगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम, प्रदेश सचिव राम सहाय पटेल, प्रयागराज मंडल महासचिव देवनारायण पटेल, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह पटेल, जिला महासचिव मुन्ना शेख, जिला प्रवक्ता दिनेश शुक्ला, जिला संगठन मंत्री धनंजय सिंह, जिला मीडिया प्रभारी नागेंद्र यादव, युवा जिला अध्यक्ष विवेक सिंह यादव, शिक्षा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष गिरिजा शंकर मिश्रा, युवा जिला प्रवक्ता दीपेंद्र द्विवेदी, तहसील अध्यक्ष बिंदकी कप्तान सिंह यादव, जिला सचिव अजीत उत्तम, युवा तहसील उपाध्यक्ष खागा धीरेंद्र सिंह, तहसील संगठन मंत्री खागा कुलदीप सिंह, नगर अध्यक्ष फतेहपुर परशुराम शुक्ल सहित बड़ी संख्या में किसान और पदाधिकारी उपस्थित रहे।







