MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) बुधवार को कशिश पैलेस, जौगढ़, मंडल सतेशगढ़ मड़िहान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता ओंकार केसरी रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विधायक द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात विधायक ने मुख्य अतिथि ओंकार केसरी का बुके,अंगवस्त्र एवं मां विंध्यवासिनी की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया। अपने संबोधन में विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने सभी बूथ अध्यक्षों का अभिनंदन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। बूथ अध्यक्ष ही संगठन की रीढ़ हैं और उन्हीं के परिश्रम व समर्पण के बल पर पार्टी निरंतर सफलता प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद और मेहनत से ही आज मैं विधायक बना हूं। आपका सम्मान और आपकी हर समस्या का समाधान करना मेरी जिम्मेदारी है। दिन हो या रात, अस्पताल हो, थाना हो या कोई भी आपात स्थिति—जब भी कार्यकर्ता मुझे याद करता है, मैं हरसंभव सहयोग के लिए सदैव उपलब्ध रहता हूं।”यही मड़िहान विधानसभा पहले जिले में पिछड़े विधानसभा के रूप में गिनती होती थी,लेकिन आज जिले में सबसे विकसित विधानसभा में आगे नाम लिया जा रहा है। विधायक ने मड़िहान विधानसभा में सड़क, पुल, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई तथा अन्य विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी बूथ अध्यक्षों के समक्ष रखते हुए कहा कि विकास और संगठन दोनों को समान प्राथमिकता देकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों का सम्मान भी किया। मुख्य अतिथि ओंकार केसरी ने बूथ अध्यक्षों को संगठनात्मक दायित्वों का विस्तार से प्रशिक्षण देते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, जिला मंत्री संध्या सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल, संजय भाई पटेल, कार्यक्रम संयोजक महेंद्र अग्रहरी, मंडल अध्यक्ष चंद्रमणि सिंह, राकेश, सुनीता सिंह,मनोज सोनकर, अनूप जायसवाल, मंडल प्रभारी किशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







