Home उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, पार्टी ने किया...

भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, पार्टी ने किया निष्कासित

गौरीशंकर अग्रहरि बोले- ‘यह फर्जी वीडियो है, मुझे बदनाम करने की साजिश’

SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गौरीशंकर अग्रहरि का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी हलकों में हलचल मच गई है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। वीडियो में गौरीशंकर अग्रहरि को एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया है, जिसका किसी ने गुप्त रूप से वीडियो बना लिया। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आते ही पार्टी संगठन ने सख्त कार्रवाई की। भाजपा के प्रदेश महामंत्री/मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि जिलाध्यक्ष सिद्धार्थनगर से प्राप्त शिकायत के आधार पर और गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष से परामर्श के बाद, प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार गौरीशंकर अग्रहरि को पार्टी की मर्यादा के प्रतिकूल आचरण के कारण तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है। पत्र में दिनांक 15 सितंबर 2025 दर्ज है।
वहीं, इस पूरे मामले पर गौरीशंकर अग्रहरि ने सफाई देते हुए कहा कि यह वीडियो पूरी तरह से फर्जी है और उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने के लिए फैलाया गया है। उन्होंने दावा किया कि वीडियो को एडिट किया गया है, जिसमें किसी और के शरीर पर उनका चेहरा लगाया गया है। गौरीशंकर ने कहा कि वह जानते हैं कि यह सब किसने किया है और वह इस हरकत की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अगस्त 2023 से ही पार्टी के किसी भी पद पर नहीं हैं। हालांकि, उनके इस दावे के बावजूद पार्टी ने उन्हें निष्कासित करने का पत्र जारी किया है, जो बताता है कि संगठन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और किसी भी प्रकार के विवाद से दूरी बनाना चाहता है। यह पूरा मामला फिलहाल जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।