अखरी गांव पहुंचने के लिए कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां
नहर कॉलोनी से एकजुट होकर काफिले के रूप में रवाना होंगे किसान
पूर्व जिला उपाध्यक्ष के परिवार को न्याय दिलाने पर होगी चर्चा
FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को बिंदकी कस्बे के लंका रोड स्थित यूनियन कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 8 अप्रैल को यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश सिंह टिकैत के फतेहपुर आगमन को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए यूनियन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह ने कहा कि 8 अप्रैल को चौधरी राकेश सिंह टिकैत खागा तहसील के हथगाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत अखरी गांव पहुंचेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में किसान और यूनियन के पदाधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल हों, ताकि संगठन की एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन हो सके। उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल की सुबह राकेश टिकैत नहर कॉलोनी, फतेहपुर पहुंचेंगे, जहां से सभी कार्यकर्ता एकत्र होकर काफिले के रूप में अखरी गांव के लिए रवाना होंगे। इसके लिए सभी को सुबह 10 बजे तक नहर कॉलोनी पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि लगभग एक वर्ष पूर्व अखरी गांव में यूनियन के पूर्व वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंह उर्फ पप्पू सिंह, उनके भाई और पुत्र की हत्या कर दी गई थी। उस समय शासन-प्रशासन द्वारा न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिल सका है। इस मुद्दे को लेकर 8 अप्रैल को अखरी गांव में विशेष रूप से चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम, प्रदेश सचिव रामसहाय पटेल, जिला अध्यक्ष नवल सिंह पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया। बैठक में यदुनंदन आर्य, छोटेलाल सोनकर, मुन्ना, रेहाना खातून, सुरेंद्र पटेल, राजेश कुमारी उत्तम, सुनील पासवान, अतर सिंह, हीरालाल प्रजापति, अंजना देवी, रक्षपाल सिंह, अरुण कुमार, रामस्वरूप, रामबरन, अनूप सैनी, कामता निषाद, रामपाल सहित भारी संख्या में किसान और यूनियन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







