Home उत्तर प्रदेश भरपुरा में चकबंदी में भ्रष्टाचार का आरोप, आप ने किया प्रदर्शन

भरपुरा में चकबंदी में भ्रष्टाचार का आरोप, आप ने किया प्रदर्शन

MIRZAPUR NEWS:  (सुनील कुमार गुप्ता) ग्राम भरपुरा में चकबंदी प्रक्रिया में गड़बड़ी और करोड़ों की जमीन पर अवैध चक प्रविष्टि के विरोध में बुधवार को आम आदमी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को 21 सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चकबंदी प्रक्रिया की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। आप नेताओं ने चकबंदी लेखपाल सूर्यभान पाल और बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक त्रिपाठी के निलंबन तथा पूर्व चकबंदी अधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्रा की पेंशन रोकने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे की 16 बीघा कीमती जमीन सत्ता के दबाव में आनंद प्रकाश सिंह, सत्य प्रकाश सिंह और अनिल सिंह को दी जा रही है। सुनील कुमार पांडे ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश पर चल रही चकबंदी प्रक्रिया भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। दलितों-पिछड़ों और पुराने काश्तकारों की जमीनें पैसे लेकर दूसरों के नाम दर्ज की जा रही हैं। पुराना चक अभिलेख भाग-2क गायब है, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पूर्व में मुख्यमंत्री और चकबंदी आयुक्त से शिकायत की गई थी। सांसद संजय सिंह ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखा, लेकिन जिला स्तर पर मनमाने ढंग से रिपोर्ट लगाई जा रही है। जिलाध्यक्ष प्रो. बी सिंह ने कहा कि पार्टी ग्रामवासियों के साथ निर्णायक आंदोलन करेगी। सुनवाई न होने पर सांसद संजय सिंह मुद्दे को राज्यसभा में उठाएंगे।
इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से रमाशंकर साहू, इकबाल मंसूरी, राजेश कुमार, छोटेलाल तिवारी, पूर्व प्रधान सज्जन राम समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।