कलेक्ट्रेट में राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने किया ध्वजारोहण, डीएम ने दिलाया कर्तव्य एवं राष्ट्रसेवा का संकल्प
भदोही, 15 अगस्त 2026। जनपद भदोही में 80वां स्वतंत्रता दिवस एवं ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में जिलेभर में विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण, वृक्षारोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग, उत्तर प्रदेश रवीन्द्र जायसवाल ने ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के बाद राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा तथा जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
जिलाधिकारी ने इससे पूर्व अपने कैंप कार्यालय पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है, जहां अलग-अलग धर्म, जाति, भाषा, वेशभूषा और संस्कृतियों के बावजूद देश की एकता और अखंडता कायम है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करने का आह्वान किया।
एकजुट होकर विकसित भारत के निर्माण का आह्वान
राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने स्वतंत्रता आंदोलन और देश के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने लंबे संघर्ष और अनेक बलिदानों के बाद स्वतंत्रता हासिल की। उन्होंने कहा कि देश की एकता में ही उसकी वास्तविक शक्ति है। सभी नागरिकों को आपसी भाईचारे और एकजुटता के साथ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही संविधान में वर्णित नागरिक कर्तव्यों का पालन करने, देशभक्ति की भावना मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने की अपील की।
शहीद परिवारों को अंगवस्त्रम देकर किया सम्मानित
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं शहीद परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पारसनाथ मौर्य के पुत्र कुंवर प्रमोद चंद्र मौर्य, शहीद झूरी सिंह के प्रपौत्र रामेश्वर सिंह, शहीद सुलभ उपाध्याय के पिता अशोक उपाध्याय, शहीद शीतलपाल के पौत्र राजेश पाल तथा स्वतंत्रता सेनानी कपिलदेव द्विवेदी के पुत्र ज्ञानेन्दु द्विवेदी को अंगवस्त्रम पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शहीद परिजनों ने अपने पूर्वजों से सुनी स्वतंत्रता संघर्ष से जुड़ी स्मृतियां भी साझा कीं।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों, आपदा मित्रों, कृषकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस, राजस्व, विकास और स्वास्थ्य विभाग में जनहित के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
लोकगायक वशिष्ठ मिश्रा ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर समारोह में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया। कार्यक्रम का संचालन बीएन पाल एवं जया त्रिपाठी ने किया।
अस्पताल और जेल में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय महाराजा चेतसिंह में अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक एवं सीएमएस डॉ. अजय तिवारी ने विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें फल एवं मिठाई वितरित की। अपर जिलाधिकारी ने जिला कारागार पहुंचकर बंदियों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए तथा उन्हें अच्छे आचरण के लिए प्रेरित किया। कारागार के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलेभर में लहराया तिरंगा
जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला जज ने जनपद न्यायालय, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने रिजर्व पुलिस लाइन, मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन, उप जिलाधिकारियों ने तहसील कार्यालयों, खंड विकास अधिकारियों ने विकासखंड कार्यालयों तथा अधिशासी अधिकारियों ने निकाय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया।ग्राम पंचायत स्तर पर भी ग्राम प्रधानों एवं सचिवों ने ग्राम सचिवालयों में तिरंगा फहराया और पौधरोपण किया। सरकारी एवं अर्द्धसरकारी भवनों को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आकर्षक तिरंगा रोशनी से सजाया गया।पूरे जनपद में प्रभात फेरियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ध्वजारोहण समारोहों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा।







