Home उत्तर प्रदेश ब्रेजा कार ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, दो की मौत

ब्रेजा कार ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, दो की मौत

एक घायल की स्थिति अभी भी बनी है गंभीर, वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है इलाज

BHADOHI NEWS: गोपीगंज थाना क्षेत्र के गिराई पावर हाउस के सामने वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार महिला और एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल का उपचार वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। ऊंज थाना क्षेत्र के सिकी चैरा बिछिया निवासी विमला देवी (65 वर्ष) अपने पड़ोस के रोहित कुमार (25 वर्ष) और जौहरपुर निवासी अपने भतीजे तूफानी प्रजापति (35 वर्ष) के साथ एक बाइक पर बैठकर अपने मायके गोपीगंज थाना के जौहरपुर जा रही थी। बाइक रोहित चला रहा था। बताया जा रहा है कि वे जौहरपुर पहुंचने ही वाले थे कि कुछ दूर पहले ही हाईवे पर गिराई पावर हाउस के ठीक सामने एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक करीब 10 मीटर तक घसीटती रही। घटना में विमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रोहित और तूफानी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन दोनों को गोपीगंज सीएचसी पहुंचाया गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर ले जाते समय रोहित ने भी दम तोड़ दिया। वहीं तूफानी की गंभीर स्थिति बनी हुई है। घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने कार सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक रोहित अविवाहित थे और अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे। जबकि मृतक महिला का पुत्र काम के सिलसिले में मुंबई में रहता है।