MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) गोरखपुर के अहिरौली खुर्द निवासी स्वर्गीय शिवकुमार त्रिपाठी हत्याकांड को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय पर विभिन्न ब्राह्मण संगठनों ने विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान हत्याकांड के नामजद अभियुक्त के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी से कड़ी सजा देने, मृतक के परिजनों को पांच करोड़ रुपये की सरकारी सहायता, एक परिजन को सरकारी नौकरी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई। प्रदर्शन के बाद महामहिम राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री मांग पत्र अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व को सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज के उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाने और समाज की सुरक्षा के लिए ब्राह्मण आयोग के गठन की भी मांग उठाई। अखिल भारतीय ब्राह्मण कल्याण संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री पंडित सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने कहा कि प्रदेश में ब्राह्मण समाज के खिलाफ लगातार अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने शिवकुमार त्रिपाठी हत्याकांड के अभियुक्त के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दिए जाने की मांग की। ब्राह्मण एकता परिषद के संस्थापक संयोजक पंडित उमाकांत द्विवेदी ने कहा कि शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या की घटना गंभीर है और इससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। अखिल विश्व ब्राह्मण हिंदुत्व शक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित शेषधर पांडे ने ब्राह्मण समाज की सुरक्षा के लिए प्रदेश में ब्राह्मण आयोग के गठन की मांग की। वहीं भारतीय सवर्ण संघ के राष्ट्रीय महामंत्री पंडित साधु तिवारी, सवर्ण आर्मी के जिला संयोजक सुशील पांडे और पुरोहित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य पंडित जयप्रकाश पांडे ने भी अपने विचार रखे। प्रदर्शन में अखिल भारतीय ब्राह्मण कल्याण संस्थान, ब्राह्मण एकता परिषद, अखिल विश्व ब्राह्मण हिंदुत्व शक्ति मोर्चा, सवर्ण आर्मी मिर्जापुर, राष्ट्रीय परशुराम सेवा ब्रह्म वाहिनी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों ब्राह्मण समाज के लोग शामिल रहे। इस दौरान राजमणि दुबे, संजय कुमार तिवारी, राजकुमार उपाध्याय एडवोकेट, पंडित रामेश्वर प्रसाद शुक्ला, दिलीप सिंह गहरवार, पंडित अखिलेश मिश्रा, मधुकर मिश्रा एडवोकेट, आकाश दुबे एडवोकेट, पंडित आलोक द्विवेदी, आनंद तिवारी, श्याम दुबे, नरेंद्र चंद्र पांडे, शिव नारायण तिवारी, अनिल पांडे, अजय पांडे, अविनाश मिश्रा, प्रदीप पांडे, मनोज कुमार पांडे एडवोकेट सहित कई लोग मौजूद रहे।







