SIDHARTHNAGAR NEWS: बेसिक शिक्षा विभाग के कामकाज में तेजी लाने और गुणवत्ता सुधारने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए। डीएम ने साफ कहा कि पीएम श्री स्कूलों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और गड़बड़ी मिलने पर सीधे खंड शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने ‘स्कूल चलो अभियान’ की प्रगति की समीक्षा की, जिसमें बताया गया कि 46,741 नए बच्चों का नामांकन हुआ है। डीएम ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उपजिलाधिकारी से समन्वय बनाकर सभी नामांकित बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बनवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों के ड्रेस, जूते-मोजे की धनराशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भुगतान कराने और विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश दिया। बैठक में पीएम स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों, जैसे एमडीएम शेड, टाइलिंग और बाउंड्री वॉल, को लेकर खास तौर पर बात की गई। डीएम ने कहा कि सभी काम तय समय और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने ‘निपुण लक्ष्य’ के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। डीएम ने 169 स्कूलों से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को हटाने के लिए विद्युत विभाग को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। जर्जर हो चुके विद्यालयों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी करने को भी कहा गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और दिव्यांग बच्चों की उपस्थिति पोर्टल पर अपलोड करने का भी आदेश दिया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह और सभी खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।







