Home उत्तर प्रदेश बेमौसम ओलावृष्टि से बढ़ी किसानों की चिंता:

बेमौसम ओलावृष्टि से बढ़ी किसानों की चिंता:

12
0
क्षेत्र में अचानक बदला मौसम, ओलों के साथ बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका
प्रातःकाल एक्सप्रेस
प्रयागराज। यमुनापार क्षेत्र के खीरी थाना अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में रविवार 5 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल घिर आए और कुछ ही देर में बर्फ के ओलों के साथ हल्की रिमझिम बारिश शुरू हो गई। हालांकि यह मौसम परिवर्तन लगभग 15 मिनट तक ही रहा, लेकिन इसने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
इस समय क्षेत्र के अधिकांश किसान गेहूं और सरसों की फसल की कटाई व मड़ाई में लगे हुए हैं। ऐसे में बेमौसम हुई ओलावृष्टि और बारिश ने खेतों और खलिहानों में रखी फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा कर दिया है।क्षेत्रीय किसान शिव कैलाश शुक्ला, रोहित तिवारी और राम नारायण सिंह चौहान ने बताया कि अगर इसी तरह मौसम का मिजाज बदलता रहा, तो तैयार फसल बर्बाद हो सकती है। उन्होंने कहा कि फसल पहले से ही लागत बढ़ने और उचित मूल्य न मिलने के कारण घाटे में है, ऐसे में यह बारिश और ओले किसानों की मुश्किलें और बढ़ा सकते हैं।किसानों ने प्रशासन से अपील की है कि संभावित नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।