Home उत्तर प्रदेश बेकाबू होकर खंती में घुसी बच्चों से भरी स्कूल बस, बाल-बाल बचे...

बेकाबू होकर खंती में घुसी बच्चों से भरी स्कूल बस, बाल-बाल बचे छात्र

FATEHPUR NEWS: असोथर-हरनवा मार्ग पर कटरा के पास शुक्रवार दोपहर बच्चों से भरी स्कूल बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खंती में जा घुसी। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस पलटने से बच गई और सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे स्कूल की छुट्टी के बाद लवकुश इंटरनेशनल स्कूल की बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। बस चालक ढेबा उर्फ अनुज निवासी धनदासपुर जैसे ही कटरा के पास पहुंचा, अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खंती में उतर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। घटना में किसी बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद अभिभावकों में आक्रोश है। परिजनों ने स्कूल वाहनों की गति, चालकों की सतर्कता और सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है। हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।