Home उत्तर प्रदेश बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत- अपना दल (एस) की मासिक संगठन समीक्षा...

बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत- अपना दल (एस) की मासिक संगठन समीक्षा बैठक संपन्न

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) अपना दल (एस) की जिला संगठन की मासिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को पार्टी कार्यालय, विकास भवन, रेलवे दक्षिणी गेट के सामने पथरिया रोड में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ पार्टी के संस्थापक बोधिसत्व डॉ. सोनेलाल पटेल एवं अन्य महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष इंजी. रामलौटन बिन्द ने की।  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, किसान मंच एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी रामबली सिंह पटेल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव मेघनाथ पटेल मौजूद थे। बैठक का संचालन युवा मंच के जिला अध्यक्ष  उदय पटेल ने किया। बैठक में विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य अतिथि रामबली सिंह पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। पार्टी में छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी पूरा मान-सम्मान मिलता है। इन्हीं कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी युवा बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाला समय अपना दल एस का है। जनपद के सभी ग्रामों में संगठन खड़ा किया जा चुका है और बूथ कमेटियों का गठन पूर्ण हो चुका है। चुनाव लड़ने के इच्छुक मजबूत दावेदारों की भावनाओं का पूरा मान-सम्मान किया जाएगा। राष्ट्रीय सचिव मेघनाथ पटेल ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता को अपना दल एस से बड़ी उम्मीदें हैं। इन उम्मीदों को पूरा करने के लिए पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि अपना दल एस के निष्ठावान कार्यकर्ता न अवसरवादी राजनीति करते हैं और न ही समाज को बांटने का काम। हमारी राजनीति साफ-सुथरी और ईमानदारी की है, इसी कारण आम जनता पार्टी पर भरोसा कर रही है।जिला अध्यक्ष इंजी. रामलौटन बिन्द ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सघन जनसंपर्क करें और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि आगामी जोन स्तरीय बैठक में समस्त बूथ अध्यक्ष एवं बूथ कमेटी के पदाधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने बूथ की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जोन प्रभारी और जोन अध्यक्ष उपस्थित पदाधिकारियों की कार्यप्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक के दौरान पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर 7 लोगों ने अपना दल (एस) की सदस्यता जॉन प्रभारी संतोष विश्वकर्मा के नेतृत्व में अजय विश्वकर्मा, अजय सोनकर, मनीष शर्मा, गोलू सोनकर, हिमांशु यादव, सागर गौड और डॉक्टर दीपचंद यादव आदि ने ग्रहण की। जिला अध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया और संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त आशय की जानकारी जिला मिडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने दी।