Home उत्तर प्रदेश बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा की नई पहल साइबर सेल का शुभारंभ

बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा की नई पहल साइबर सेल का शुभारंभ

JHANSI NEWS: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी में साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कैंपस साइबर सेल का शुभारंभ  कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर साइबर सेल के लोगो का भी विधिवत विमोचन किया गया। इस साइबर सेल का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षित एवं जागरूक डिजिटल वातावरण का निर्माण करना, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक जानकारी, परामर्श एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराना है। यदि किसी विद्यार्थी या शिक्षक को साइबर सुरक्षा से संबंधित कोई समस्या आती है, तो साइबर सेल उसके समाधान हेतु हरसंभव सहायता प्रदान करेगा। आईक्यूएसी निदेशक प्रो. सुनील कुमार काबिया ने कहा कि विश्वविद्यालय में स्थापित साइबर सेल विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए एक प्रभावी सहायता केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से समय-समय पर साइबर जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्रायोगिक कार्यशालाएँ तथा विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे, जिससे सभी डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग कर सकें। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से प्रशिक्षित प्रीतिका शुक्ला एवं रुद्र प्रताप सिंह साइबर सुरक्षा, डिजिटल फॉरेंसिक तथा ऑनलाइन खतरों की रोकथाम के क्षेत्र में अपने ज्ञान एवं अनुभव से विद्यार्थियों और शिक्षकों का मार्गदर्शन करेंगे। वे सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार, डेटा सुरक्षा तथा इंटरनेट के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के विषय में व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि कैंपस साइबर सेल की यह पहल विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षित, सशक्त एवं डिजिटल रूप से सक्षम विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।इस अवसर पर  डॉ. अनुपम व्यास, अनिल बोहरे,डॉ. अतुल खरे,अनिल बोहरे, हेमंत चंद्रा, सुश्री हितिका यादव मौजूद रहे।