JAUNPUR NEWS: थाना लाइनबाजार पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को राजन यादव पुत्र ललई यादव निवासी ग्राम रैभानीपुर थाना लाइनबाजार, जौनपुर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्तों ने उनके पिता ललई यादव के साथ मारपीट करते हुए गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इस मामले में थाना लाइनबाजार में मुकदमा अपराध संख्या 94/2026 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में लाइनबाजार पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल सिंह (25 वर्ष) पुत्र विकास सिंह निवासी तारापुर कॉलोनी थाना कोतवाली जौनपुर तथा सुभांशु सिंह (28 वर्ष) पुत्र सुनील सिंह निवासी तारापुर कॉलोनी थाना कोतवाली जौनपुर शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अमलेश सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक भृगुवंशी तथा हेड कांस्टेबल अवधेश सिंह थाना लाइनबाजार जौनपुर शामिल रहे।







