आक्रोशित रोजगार सेवकों ने किया प्रदर्शन
FATEHPUR NEWS: बहुआ ब्लाक में मंगलवार को बीडीओ के अमर्यादित व्यवहार करने से रोजगार सेवकों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित रोजगार सेवकों ने ब्लाक कार्यालय के सामने हंगामा करते हुए जमकर नारेबाजी कर बीडीओ के खिलाफ प्रदर्शन किया और ब्लाक में हो रहे क्रॉप सर्वे के बहिष्कार का भी ऐलान किया।
बताते चलें कि बहुआ ब्लाक में मंगलवार को बीडीओ जयप्रकाश ने रोजगार सेवकों को क्रॉप सर्वे करने के लिए ब्लाक परिसर में बैठक बुलाई। जिसमें कई रोज़गार सेवकों ने मांग किया कि क्रॉप सर्वे में सुदूर ग्राम पंचायतों में न भेजकर पास की ग्राम पंचायतों में काम कराया जाय और जब रोजगार सेवकों के चार्ट में क्रॉप सर्वे शामिल नहीं है तो उन्हें सर्वे के लिए दूसरे ब्लाकों में न भेजा जाए। बैठक समाप्त होने के बाद रोजगार सेवकों ने प्रांतीय आवाहन पर बुधवार को लखनऊ के प्रांतीय बैठक में जाने के लिए बीडीओ को ज्ञापन के माध्यम से सूचना दिया तो रोजगार सेवकों पर भड़कते हुए बीडीओ जयप्रकाश ने ज्ञापन लेने से इनकार करते हुए रोजगार सेवकों से अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए कार्यालय से सभी को बाहर भगा दिया। बीडीओ की इस अमर्यादित टिप्पणी और कार्यशैली से आक्रोशित रोजगार सेवकों ने हंगामा करते हुए जमकर नारेबाजी कर ब्लाक कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष राकेश तिवारी, गोकरण प्रसाद मिश्रा, चंद्रहास सिंह ने आरोप लगाया कि बीडीओ बहुआ जयप्रकाश ने उनके और साथियों के साथ अभद्रता करते हुए कार्यालय से बाहर जाने को कहा, उनके इस व्यवहार से रोजगार सेवकों में खासी नाराजगी है। क्रॉप सर्वे का कार्य रोजगार सेवकों के चार्ट में शामिल नहीं है और बहुआ ब्लाक के रोजगार सेवकों की ड्यूटी दूसरे ब्लाकों में लगा देना भी गलत है। अब क्रॉप सर्वे के कार्य का विरोध किया जायेगा और बीडीओ की कार्यशैली का भी विरोध किया जायेगा। वहीं बीडीओ बहुआ जयप्रकाश का पक्ष जानने के लिए फोन करने पर उन्होंने ब्लाक कार्यालय आने की बात कहकर दो बार फोन काट दिया। इस मौके पर रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष राकेश तिवारी, अनिल पांडे, गोकरण प्रसाद मिश्र, शंकर प्रसाद तिवारी, चंद्रहास सिंह, लक्ष्मण सिंह, उदयवीर, धीरेन्द्र पांडेय, सारिका तोमर, आलोकनी, रन्नो देवी, विमला, पुष्पा देवी समेत कई अन्य रोजगार सेवक मौजूद रहे।







