PRATAPGARH NEWS: बिहार विकासखंड के पैरावेट पशुमित्रों ने नियमित मानदेय, एफएमडी टीकाकरण एवं 21वीं पशुगणना का बकाया भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पैरावेट पशुमित्र मैत्री कार्यकर्ता एकता संघ उत्तर प्रदेश, इकाई प्रतापगढ़ के बैनर तले दिए गए ज्ञापन में मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि एफएमडी टीकाकरण एवं 21वीं पशुगणना का भुगतान लंबे समय से लंबित है, जिससे कार्यकर्ताओं को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मांग पूरी न होने पर अगले चरण के टीकाकरण कार्य का बहिष्कार करने की चेतावनी दी गई है। पैरावेट कार्यकर्ताओं ने टीकाकरण के दौरान ओटीपी (OTP) व्यवस्था समाप्त करने, नियमित मानदेय मिलने तक एआई (कृत्रिम गर्भाधान) कार्य स्थगित रखने तथा कार्य के दौरान किसी भी दुर्घटना की स्थिति में सभी पैरावेट कर्मियों का बीमा कराने की भी मांग उठाई। संघ के जिला अध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि यदि विभाग उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है तो बिहार ब्लॉक सहित पूरे जनपद के पैरावेट पशुमित्र विभागीय कार्यों का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन में नियमित मानदेय की स्वीकृति एवं सरकार तक उनकी मांगों को पहुंचाने का भी अनुरोध किया गया है। ज्ञापन पर बिहार ब्लॉक के कई पैरावेट पशुमित्रों एवं संगठन के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।







