Home उत्तर प्रदेश बिहार बाजार में श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ कैंची धाम...

बिहार बाजार में श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ कैंची धाम स्थापना दिवस समारोह

PRATAPGARH NEWS: बिहार ब्लॉक के बिहार बाजार स्थित शकरदहा मोड़ पर सोमवार को विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस एवं पूज्य नीम करौली बाबा के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुंदरकांड पाठ, महाप्रसाद एवं शरबत वितरण में सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ, जिसके बाद सुंदरकांड पाठ और भगवान श्रीराम तथा बजरंगबली के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने नीम करौली बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी कृपा प्राप्त करने की कामना की। आयोजन समिति द्वारा उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं शरबत वितरण की विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और धार्मिक आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के आयोजक एवं अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार साहू ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं. पूरे कार्यक्रम के दौरान बिहार बाजार का वातावरण भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा तथा श्रद्धालुओं ने आयोजन को सफल और यादगार बताया।